काशीपुर:रय्यान इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। समारोह का मुख्य उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करना और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राधेश्याम तिवारी ने छात्रों को उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के लिए पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच से ही सफलता के शिखर तक पहुंचा जा सकता है।
विद्यालय के चेयरमैन बब्बन खान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रय्यान इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
प्रधानाचार्य भुवनेश चंद्र कर्नाटक ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि वे भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार कक्षा सातवीं की छात्रा सिमरा खान को प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा।समारोह के अंत में सभी ने मिलकर छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ किया गया।


