काशीपुर। काशीपुर से रामनगर को जोड़ने वाली नेशनल हाईवे सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनुपम शर्मा ने प्रदेश सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण मार्ग विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क सहित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ता है। इसके बावजूद सरकार द्वारा इसकी अनदेखी किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अनुपम शर्मा ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के चलते सड़कों को लेकर बाहरी पर्यटकों में नकारात्मक छवि बन रही है, जो पर्यटन उद्योग के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि इस सड़क के निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और पर्यटन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।


