काशीपुर:एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी और लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में काशीपुर में महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष पूजा सिंह के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अपने सामने रखे खाली गैस सिलेंडर को माला पहनाकर 2 मिनट का मौन रखा, तथा चूल्हा जलाकर चाय बनाते हुए सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूजा ने कहा कि आज देश में गैस सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। घरेलू रसोई का बजट बिगड़ चुका है और गरीब तथा मध्यम वर्ग की महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार से घर का खर्च चलाना कठिन हो गया है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान देने के बजाय केवल बयानबाज़ी में व्यस्त है।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस नेत्री लता शर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत विदेश नीतियों के कारण देश में ईंधन संकट की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में एलपीजी की कमी के कारण आम लोग परेशान हैं और कई जगहों पर लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह इस समस्या का शीघ्र समाधान निकाले, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान पूजा सिंह, लता शर्मा, कुमकुम सक्सेना, पूजा गुप्ता, आशा श्रीवास्तव, वंदना ढोंबाल, संगीता यादव, एकता अग्रवाल, रिंकू, मीनाक्षी, शीतल, खुशबू, रेखा, गीता, सोनम, कमला, बीना, सविता, राधा, काजल, सरोज देवी, रिंकी, मंजू, निशा, काजल, विमला, भूरी देवी सहित तमाम महिला मौजूद मौजूद रहीं और उन्होंने सरकार से गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की।
