February 7, 2026

खबर प्रवाह (NEWS FLOW) 11 दिसंबर, 2025

काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने भोपाल में आयोजित चार दिवसीय एक्सपोजर विजिट के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का अध्ययन किया। उन्होंने विश्वप्रसिद्ध प्राचीन विरासत स्थल सांची और स्मार्ट सिटी भोपाल की परियोजनाओं का बारीकी से अवलोकन किया। महापौर बाली ने सर्वप्रथम सांची का भ्रमण किया, जहां उन्होंने सौंदर्याकरण, संरक्षण और प्रबंधन की कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने कहा कि सांची के सुव्यवस्थित विकास मॉडल से कई महत्वपूर्ण सीखें मिली हैं, जिनका उपयोग काशीपुर के नगर विकास में किया जा सकता है।

इसके बाद महापौर दीपक बाली नगर निगम भोपाल पहुँचे। यहाँ महापौर मालती राय और नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने उनका स्वागत किया। महापौर बाली ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान ऐपण कला भेंट कर उनका सम्मान किया और भोपाल नगर निगम के सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया। दिन के अगले चरण में महापौर बाली ने स्मार्ट सिटी भोपाल का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने यहाँ चल रही विकास परियोजनाओं, तकनीकी नवाचारों और सार्वजनिक सुविधाओं के प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, वेस्ट मैनेजमेंट और डिजिटल सर्विस इंटीग्रेशन जैसी पहलों की सराहना की। महापौर दीपक बाली ने बताया कि इन सफल मॉडलों का अध्ययन काशीपुर के भविष्य के शहरी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस एक्सपोज़र विज़िट का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के शहरों में आधुनिक, सुगम और नागरिक हितकारी व्यवस्था विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *