खबर प्रवाह (NEWS FLOW) 27 सितम्बर 2025
ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय जतिन शर्मा ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए जीत का परचम लहराया। उन्होंने एबीवीपी के प्रत्याशी रिंकू बिष्ट को भारी मतों से हराया है। प्राचार्य डा. सुमिता श्रीवास्तव ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

महाविद्यालय में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान 2226 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए मतदान हुआ। दोपहर करीब तीन बजे से मतगणना प्रक्रिया संपन्न शुरू हुई। देर शाम करीब नौ बजे विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की गई। जिसमें जतिन शर्मा 1587 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुए। अक्षय रस्तौगी 1080 मत प्राप्त कर उपाध्यक्ष, सतनाम सिंह 1201 मत प्राप्त कर सचिव, गरिमा सिंह 1387 मत हासिल कर कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। वहीं दीपक कुमार 930 मत पाकर कला संकाय प्रतिनिधि, अनिकेत 143 मत प्राप्त कर विज्ञान संकाय प्रतिनिधि, पायल थापा 869 मत प्राप्त करके विश्वविद्यालय प्रतिनिधि निर्वाचित हुई हैं। वहीं छात्रा उपाध्यक्ष अनीसा, संयुक्त सचिव मुकुल मौर्य, सांस्कृतिक सचिव नाजिया, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि दीपक कुमार निर्विरोध चुने गए। प्राचार्य डा. सुमिता श्रीवास्तव ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई।

काशीपुर राधेहरि स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी जतिन शर्मा ने शानदार जीत दर्ज करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की जीत है। उन्होंने भावुक अंदाज़ में कहा कि यह सफलता उन सभी भाइयों और साथियों की भी है, जिन्होंने हर कदम पर सहयोग करते हुए उन्हें चुनाव लड़ाने और जीताने में अहम भूमिका निभाई। जतिन ने स्पष्ट किया कि जिन्होंने उन्हें वोट दिया और जिन्होंने नहीं दिया, दोनों ही उनके लिए समान रूप से आभार के पात्र हैं, क्योंकि वोट डालने का साहस और भागीदारी ही लोकतंत्र की असली ताकत है। अपने कामकाज और छवि को लेकर जतिन शर्मा ने कहा कि वे उन लोगों में से नहीं हैं जो केवल वादे करके बाद में गायब हो जाएं। पिछले तीन-चार सालों से उन्होंने जो काम किया है, वह हर छात्र, हर शिक्षक और काशीपुर का हर सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति जानता है। उन्होंने कहा कि उनका काम हमेशा उनकी ओर से बोलेगा, उन्हें अलग से कुछ कहने की जरूरत नहीं। उन्होंने दोहराया कि उनका लक्ष्य सिर्फ दिखावा करना नहीं बल्कि धरातल पर काम करके छात्रों की समस्याओं का हल निकालना है। गिनती के दौरान हुए एक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए जतिन शर्मा ने बड़ी ही संतुलित और असरदार बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव के बीच में कई लोगों ने यह कहना शुरू कर दिया था कि अब तो माहौल बदल रहा है, हवा दूसरी ओर बह रही है। इस पर उनका सीधा जवाब था कि मौसम कोई भी हो, बदलता जरूर है, और जिस तरह गर्मी के बाद सर्दी आती है, उसी तरह सच्चाई और मेहनत की जीत को कोई रोक नहीं सकता।
