खबर प्रवाह (NEWS FLOW) 15 सितंबर 2025
जसपुर में बीते रोज पूर्व विधायक के द्वारा स्टेडियम की मांग को लेकर खिलाड़ियों के साथ किए गए प्रदर्शन के बाद स्टेडियम को लेकर राजनीति तब गरमा गई जब जसपुर के वर्तमान में कांग्रेसी विधायक आदेश चौहान ने प्रेस वार्ता कर पूर्व विधायक को आड़े हाथों लिया और उन पर सत्ता पक्ष में होते हुए आज तक इस आवाज को नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल मुख्यमंत्री के सामने प्रदर्शन करें जिसके लिए वह उनके साथ हैं। वहीं उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनी और वह विधायक निर्वाचित हुए तो एक साल के अंदर वह जसपुर के लिए स्टेडियम की मांग को भी पूरा करवाएंगे।
जसपुर में अपने कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विधायक आदेश चौहान ने कहा कि बीते रोज जसपुर के पूर्व विधायक अपने समर्थकों और खिलाड़ियों को साथ लेकर स्टेडियम निर्माण की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे। उन्होंने कहा कि जसपुर में स्टेडियम की मांग पुरानी है जिसकी बाउंड्री वाल 4 करोड़ की लागत से हो चुकी थी लेकिन ट्रांसफर का बहाना करके इसे निरस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उनकी पांच सूत्रीय मांगों में से एक जसपुर में रोडवेज की अड्डे की मांग थी, जिसमें कि पूर्व विधायक ने हस्तक्षेप करके उनके समर्थकों के खिलाफ उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों के द्वारा प्राथमिकी दर्ज करवाई गई। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंघल को जब लगता है कि कार्य होने वाला है तब 22 में हस्ताक्षर करके उसमें अड़चन पैदा कर देते हैं। जयपुर में स्टेडियम के मार्ग को लेकर बीते दिवस अनशन पर बैठे पूर्व विधायक को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि दो बार वह जसपुर के विधायक और दो बार सरकार में दायित्वधारी भी रहे तब जसपुर में स्टेडियम निर्माण के लिए किसी तरह की कोई मांग नहीं उठाई। अब चुनाव आने वाला है तो अपनी राजनैतिक रोटी सेंकने के लिए यह मांग उठा डाली। जब स्टेडियम निरस्त किया तब सरकार उनकी थी तब इसका विरोध क्यों नहीं किया। जब अस्थाई रोडवेज खत्म किया गया तब इसका मुद्दा नहीं उठाया। जसपुर में पॉलिटेक्निक कॉलेज की मांग पर पूर्व विधायक शांत हो जाते हैं। डैम के क्षेत्र को ग्रामसभा घोषित होने के प्रयासों के समय आप क्यों चुप हो जाते हो। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उपवास के नाम पर बच्चों को मोहरा न बनाएं।
जसपुर से कांग्रेसी विधायक आदेश चौहान ने जसपुर के पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल से सवाल करते हुए कहा कि काशीपुर में दो दिन के प्रवास पर पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने स्टेडियम के निर्माण की मांग आखिर क्यों नहीं रखी और अब बच्चों को उपवास करवाकर उनके कंधों पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। मुख्यमंत्री से मिलते समय स्टेडियम की याद नहीं आती और तीन दिन बाद स्टेडियम की याद आ जाती है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक डॉ शैलेंद्र मोहन सिंघल अपनी खोई हुई राजनीति को बच्चों के कंधों के सहारे जीवित करना चाहते हैं।
