March 24, 2026

ख़बर प्रवाह (NEWS FLOW) 17 सितम्बर, 2024

अनंत चतुर्दशी का पर्व देश भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उत्तराखंड के काशीपुर में इस अवसर पर दो शोभायात्राओं का आयोजन किया गया। काशीपुर में अनंत चतुर्दशी के मौके पर माँ चामुंडा देवी की शोभायात्रा और रामलीला ध्वज शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस मौके पर दोनों ही शोभायात्राएं धूमधाम और गाजे बाजे के साथ निकाली गई।

आपको बता दें कि गत अनेक वर्षों से अनन्त चतुर्दशी के दिन काशीपुर में निकाली जाने वाली शोभायात्राओं का आयोजन एक बार फिर धूमधाम के साथ किया गया। इस मौके पर मां चामुंडा देवी की शहर में शोभायात्रा निकाली गई। मोहल्ला लाहौरियन स्थित श्री गीता भवन में हवन होने के बाद यहां से चामुंडा देवी की ढोल नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसमें मां चामुंडा देवी की अखंड जोत का डोला था। शोभायात्रा में मां के भक्त झूमते गाते चल रहे थे। इस मौके पर आयोजक सुनील कुमार “मराठा” ने बताया कि यह शोभायात्रा पिछले काफी वर्षों से अनन्त चतुदर्शी के दिन निकाली जाती रही है। पहले इसे बैंगन वाले बाबा के नाम से मशहूर कैलाश चन्द्र जोशी निकाला करते थे। उनके देहसवान के बाद भक्तों ने इस शोभायात्रा को वृहद रूप दे दिया। जैसे-जैसे शोभायात्रा आगे बढ़ती गईं, श्रद्धालु शोभायात्रा से जुड़ते गए।शहर में मां चामुंडा देवी की शोभायात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। मां चामुंडा देवी शहर की देवी है और साल भर शहर वासियों के स्वास्थ्य की मनोकामना के उद्देश्य के साथ प्रतिवर्ष है शोभायात्रा निकाली जाती है और मां चामुंडा माता को पूरे शहर का भ्रमण कराया जाता है। चामुंडा देवी की शोभायत्रा चामुंडा मंदिर में पहुंचकर वापस अपने गंतव्य को आकर समाप्त हुई।

इसी के साथ साथ श्री रामलीला मैदान से पायते वाली रामलीला की झंडा जुलूस ध्वज शोभायात्रा का भी आयोजन किया गया। जिसमें भगवान् गणेश, माँ सरस्वती की झांकी के अलावा राधा कृष्ण की झांकी, भगवान शिव और माँ पार्वती और राधा कृष्ण का डीजे नृत्य के अलावा बैंड बाजे के साथ राम दरबार आकर्षण का केंद्र रहे। दोनों शोभायात्रा देर रात में समाप्त हुई। श्रद्धालुओं के मुताबिक़ बदलते मौसम में स्वास्थ्य की दृष्टि से माँ को प्रसन्न करने के लिए शोभायात्रा निकाली जाती है। श्री रामलीला कमेटी के आयोजको के मुताबिक चूंकि किसी भी तरह का शुभ कार्य पितृ पक्ष के श्राद्ध के दौरान नही किया जाता है और रामलीला का मंचन मध्य श्राद्धों में किया जाता है इसीलिए अनन्त चतुर्दशी के दिन झंडा शोभायात्रा के साथ एक तरह से इसका आगाज़ करवा दिया जाता है जिसके बाद मध्य श्राद्ध में रामलीला की शुरुआत हो जाएगी। आज से रामलीला का झंडा रामनगर रोड स्थित पायते वाली रामलीला में लग गया है और आगामी 29 सितम्बर से रामलीला के मंचन का आगाज हो जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *