February 7, 2026

ख़बर प्रवाह (28 जुलाई, 2023)

काशीपुर में गुरुवार की शाम हुई 45 मिनट की तेज बारिश ने नगर निगम के जलभराव से निपटने के दावों की पोल खोलकर रख दी है। काशीपुर शहर में एक बार फिर हुई 45 मिनट की तेज बारिश से मुख्य मार्गों सहित मुख्य बाजार में बुरी तरह से जलभराव हो गया। आलम यह रहा कि जलभराव के चलते स्थानीय दुकानदारों की दुकानों में कई कई फीट पानी भर गया जिससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा। शहर में शिव शंकर डेरी के पास, रतन सिनेमा रोड, मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन रोड, महेशपुरा, पोस्ट ऑफिस रोड, नगर निगम रोड, मोहल्ला बाँसफोडान, मुंशी राम का चौराहा, गंगे बाबा रोड, किला मोहल्ला, आर्य नगर आदि अनेक क्षेत्रों में बुरी तरह से जलभराव हो गया। मुख्य बाजार में दुकानों में जलभराव होने से दुकानदारों में जहां नगर निगम के प्रति रोष दिखाई दिया। गुस्साए दुकानदारों ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के चलते नाले और नालियां सब जाम पड़ी हुई हैं, जिसके चलते मुख्य बाजार में पानी की निकासी नहीं होने के कारण बारिश रुकने के 2:30 से 3 घंटे के बाद भी मुख्य बाजार में पानी भरा रहा और जलभराव के चलते यह पानी दुकानों में चला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *