February 7, 2026

उत्तराखंड कांग्रेस की वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पीसीसी सदस्य व कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान मैसूर लोकसभा क्षेत्र में ऑब्जर्वर के तौर पर पार्टी का प्रचार करने के बाद काशीपुर लौटीं अलका पाल ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हिमाचल विधानसभा चुनाव की तर्ज पर पार्टी की जीत की हुंकार भरी।

उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी की पीसीसी सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान मैसूर लोकसभा क्षेत्र में ऑब्जर्वर के तौर पर पार्टी का प्रचार करके वापस लौटने के बाद आज अपने आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए पीसीसी सदस्य अल्का पाल ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस इस बार 150 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कर्नाटक की जनता हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर भाजपा को उखाड़ फेंकेगी। पीसीसी सदस्य व महिला कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में कर्नाटक के अंदर प्रत्येक घर में 200 यूनिट बिजली फ्री, 10 किलो चावल, प्रत्येक गृहणी को 2000 रुपये, प्रत्येक ग्रेजुएट को 3000 रुपये, डिप्लोमा धारकों को 1500 रुपए महंगाई से लड़ने के लिए उपलब्ध करवाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि नंदिनी दूध दूध प्रोडक्ट पर सरकार आने पर सब्सिडी जारी रहेगी। कांग्रेस नेता अलका पाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा प्रत्येक चुनावों को श्रीराम, मां गंगा और बजरंगबली के इर्द-गिर्द ले जाती है, क्योंकि उसके पास विकास से जुड़े हुए मुद्दों पर बात करने की हिम्मत नहीं है। बजरंगबली हम सबके आराध्य हैं। बजरंगबली के नाम पर भाजपा जिस तरह से राजनीति कर रही है, वह अफसोस का विषय है। कोई भी दल या संस्था अगर समाज और राष्ट्र विरोधी कार्य करता है तो उसे समाज की मुख्यधारा में आने का कोई अधिकार नहीं है। कर्नाटक की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। अब 40% कमीशन वाली सरकार को उखाड़ने का वक्त आ गया है, उत्तराखंड के परिवेश में उन्होंने कहा कि आगामी 2023 के निकाय चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता भाजपा को उखाड़ने का संकल्प ले चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *