खबर प्रवाह (09 दिसम्बर, 2022)
उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आज काशीपुर पहुंचे। काशीपुर पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए।
भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र सिंह बिष्ट बीते रोज ऊधम सिंह नगर जिले में प्रेस वार्ता करने के बाद आज पार्टी के संगठनात्मक जिले के रूप में सृजित जिले काशीपुर पहुंचे। काशीपुर में मुरादाबाद रोड स्थित मंडी समिति के गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास के लिए तथा इस देवभूमि को मजबूत और सशक्त करने के लिए जो कार्य कर रही है तथा बीते दिनों प्रदेश का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति से जो निर्णय लिये गए हैं, उसी के मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने के लिए वह यहां प्रेस वार्ता करने आए हैं।

उन्होंने बीते दिनों प्रदेश की धामी सरकार के द्वारा धर्मांतरण के मुद्दे पर पारित विधेयक पर सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि धर्मांतरण का कानून उन लोगों के लिए चेतावनी है जो लोगों को प्रलोभन देकर तथा जबरदस्ती धर्मांतरण करवा रहे है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में उत्तराखंड अकेला ऐसा राज्य है जिसने धर्मांतरण के खिलाफ कठोर से कठोर कानून बनाया है। इसके पूरे देश भर में प्रशंसा हो रही है तथा लोग कानून का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस राज्य की महिलाओ को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देकर इस राज्य की वीरांगनाओं को समर्पित है, उन महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने राज्य के आंदोलन में भागीदारी की है और इस राज्य को नया राज्य बनाने में जिनकी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के समर्थन में, महिलाओं के विकास और उनके सशक्तिकरण में सबसे अग्रणी पार्टी है यह सवाल कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहिए जो घड़ियाली आंसू बहा कर लोगों को दिग्भ्रमित करने का काम करते हैं। भितरवार गुजरात और हिमाचल प्रदेश तथा 2 दिन पूर्व दिल्ली एमसीडी चुनाव के नतीजों के बारे में उन्होंने तीनों राज्य की जनता को जय श्री राम बोलते हुए उनका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अच्छी खासी संख्या में हमारे विधायक चुनाव जीते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता का जो रिवाज बदलने का पुराना ढर्रा है, वह बदला नहीं है। जहां हमारे प्रत्याशी हारे हैं वह 500 से कम वोटों से हारे हैं इससे ऐसा प्रतीत होता है कि हमारे कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों ने वहां पूरे जी जान से मेहनत की है और हमारा मतों का प्रतिशत भी ज्यादा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कमी सिर्फ यही रह गई कि जनता ने अपना रिवाज नहीं बदला।






